Mon. Jul 6th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

दन्यां दन्यां रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा ने प्रदेश सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, पेपर लीक, यातायात और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
करन महरा ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और युवाओं की सुरक्षा तथा रोजगार जैसे मुद्दों की लगातार अनदेखी की गई है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत कई विकास योजनाएं आज तक पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने गुरड़ाबांज स्थित मुंशी हरिप्रसाद टम्टा शिल्प उन्नयन केंद्र का उदाहरण देते हुए भाजपा सरकार पर विकास कार्यों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज (गुड्डू), ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट, महेंद्र मेर, पीतांबर पांडे, पूरन बिष्ट, दीवान सतवाल, वीरेंद्र मलाड़ा समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान आधा दर्जन बीडीसी सदस्यों, ग्राम प्रधानों और अन्य लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दन्यां बाजार में रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विभिन्न जनसरोकारों के मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया।