जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, युवा कांग्रेस अल्मोड़ा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रविवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री के दन्या दौरे के दौरान 21 जून 2026 को हुई घटना की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। संगठन ने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री तथा कुमाऊं आयुक्त को भी ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने कहा कि संगठन हमेशा युवाओं, छात्रों और आमजन से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाता रहा है और उसका उद्देश्य कभी कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं रहा।
संगठन ने आरोप लगाया कि एक ही विरोध-प्रदर्शन की घटना के संबंध में दो अलग-अलग परगना मजिस्ट्रेट न्यायालयों में पृथक-पृथक कार्यवाहियां शुरू की गई हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि यह स्पष्ट किया जाए कि समान घटना में दो न्यायालयों में समानांतर कार्रवाई का कानूनी आधार क्या है और क्षेत्राधिकार का निर्धारण किस आधार पर किया गया।
युवा कांग्रेस ने यह भी मांग की कि संबंधित व्यक्तियों को स्थानीय सक्षम परगना मजिस्ट्रेट के बजाय अन्य उपमंडल में प्रस्तुत किए जाने के कारणों, घटना के समय अधिकारियों की वीआईपी ड्यूटी, उनके अधिकार क्षेत्र तथा उस अवधि की प्रशासनिक व्यवस्था की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
ज्ञापन में भविष्य में शांति भंग की आशंका के आधार पर की गई कार्रवाई की विधिक प्रक्रिया की भी समीक्षा करने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की प्रक्रिया संबंधी त्रुटि, क्षेत्राधिकार की कमी या प्रशासनिक अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी अधिकारी या कर्मचारी पर व्यक्तिगत आरोप लगाना नहीं, बल्कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच के माध्यम से वास्तविक स्थिति सामने लाना है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस विक्रम सिंह फर्त्याल, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, छात्रसंघ कोषाध्यक्ष विनय कनवाल तथा युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अमन लटवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
