जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कर्नाटक खोला रामलीला मंच में आयोजित अल्मोड़ा कप ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता वरिष्ठ खिलाड़ी एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक के सहयोग और मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जबकि ताइक्वांडो कोच वंदना भंडारी के निर्देशन में देर रात तक रोमांचक मुकाबले खेले गए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं और ऐसी प्रतियोगिताएं नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अल्मोड़ा और उत्तराखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि अल्मोड़ा की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने भविष्य में भी जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का संकल्प दोहराया।
विशिष्ट अतिथि ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि भूपेंद्र भोज ने युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। वहीं वरिष्ठ खिलाड़ी मनीष जोशी ‘मंटू’ ने ताइक्वांडो को आत्मरक्षा और आत्मविश्वास का सशक्त माध्यम बताते हुए खिलाड़ियों से अनुशासन और नियमित अभ्यास अपनाने की अपील की।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में विक्रम भंडारी, कनिष्का भंडारी, कमल जोशी, नैना, जीपी पंकज, अखिलेश सिंह, शौर्य, अरविंद, नेहा भाकुनी, अंजनी बिष्ट, ध्रुव, प्रत्युषा और नातिक सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोच नितीशा भंडारी, जूही और यशपाल ने भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, अधिकारियों, कोचों, अभिभावकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर कराने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के सफल संपादन में हयात सिंह बिष्ट, देवेंद्र कर्नाटक, कमलेश कर्नाटक, रमेश जोशी, अमर बोरा, अभिषेक तिवारी और प्रकाश मेहता ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
