जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
सोमेश्वर (अल्मोड़ा) उत्तराखण्ड कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत सोमेश्वर में आयोजित जनसभा एवं बैठकों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के दुख-दर्द और उनके अधिकारों की लड़ाई का अभियान है।
करन माहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि विभिन्न सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का व्यवस्था से विश्वास कमजोर किया है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए करन माहरा ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं महिलाओं की सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा प्रदेश के हर जिले, विधानसभा और गांव तक पहुंचकर जनता की आवाज को मजबूत कर रही है। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही पर आधारित शासन व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा लोगों से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस दौरान पूर्व प्रमुख रमेश भाकुनी, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज नयाल, राजू भट्ट, बहादुर मेहता, राजेंद्र बिष्ट, रमेश भंडारी, जिला पंचायत सदस्य कुंदन भंडारी, संतोष कुमार, निशा कनवाल, भुवन दोसाद, आनंद बिष्ट, नारायण दत्त पांडे, निर्मल रावत, गजेंद्र फर्त्याल, नवीन कोहली, कमल बिष्ट, रंजीत नयाल, ललित मेहता, गोपाल कनवाल, दिनेश पिलखवाल सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
