Tue. Jul 7th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

देहरादून/नैनीताल उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मंगलवार सुबह नैनीताल में हल्की बारिश शुरू हो गई, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी भी दी गई है।
विभाग के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में भी गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन को भी संभावित भारी बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।