Thu. Jul 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित 20 एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की लक्ष्यवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति प्रत्येक विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल लक्ष्य हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग नियमित रूप से अपने कार्यों की समीक्षा करें और प्रगति में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें, ताकि तय समय में सभी लक्ष्य पूरे हो सकें।
बैठक के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन सुधारने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी समन्वित एवं उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से कार्य करें।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।