जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा लोकपर्व हरेला को लेकर अल्मोड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं। 16 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय हरेला कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयोजन को सफल और भव्य बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता का जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार इस वर्ष जनपद अल्मोड़ा में हरेला पर्व के अवसर पर 75 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इस बार अल्मोड़ा में हरेला का राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
बैठक में वन, शिक्षा, उद्यान, कृषि, रेशम सहित विभिन्न विभागों को पौधारोपण के लक्ष्य आवंटित किए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चिन्हित स्थलों पर गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप पौधों की प्रजातियों का चयन किया जाए और उनके संरक्षण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पौधारोपण स्थल का विवरण निर्धारित मोबाइल ऐप पर अपलोड किया जाएगा तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग होगी। पौधारोपण के बाद पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों की होगी।
जिलाधिकारी ने हरेला पर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाने पर जोर देते हुए विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
