Fri. Sep 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल 18 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। महोत्सव में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र एवं एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला क्षेत्र में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च मेला परिसर के साथ ही रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, फ्लैट्स मैदान, भोटिया मार्केट, मस्जिद तिराहा और घोड़ा स्टैंड समेत प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा। पुलिस बल को महोत्सव के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं, एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला कंट्रोल रूम, सीसीटीवी ग्रिड, खोया-पाया केंद्र एवं संचार व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीसीटीवी के माध्यम से मेला क्षेत्र की प्रभावी निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में संचार व्यवस्था को तत्काल सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि नंदा देवी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आगंतुकों से अपील की है कि वे पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में महोत्सव का आनंद लें।