जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 01 नवंबर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में Eye-Q हॉस्पिटल अल्मोड़ा की ओर से रविवार को गोलना करड़िया में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना नगरकोटी के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में करीब 50 लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई।
शिविर में अस्पताल की जांच टीम ने ग्रामीणों की आंखों की जांच कर उन्हें विभिन्न नेत्र रोगों, मोतियाबिंद के लक्षणों तथा समय पर उपचार कराने के महत्व की जानकारी दी। साथ ही आंखों की नियमित जांच और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
शिविर में जांच टीम के सदस्य मुकुल जोशी, प्रेम समरिया एवं ललित ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान भावना नगरकोटी ने Eye-Q हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से आम जनता को काफी लाभ मिलता है। विशेषकर ऐसे लोगों को सुविधा मिलती है, जिन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए दूरस्थ अस्पतालों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
Eye-Q हॉस्पिटल अल्मोड़ा की ओर से बताया गया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अस्पताल का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
