जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्बला स्थित लेप्रोसी अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने इंदिरा गांधी के जीवन, उनके राजनीतिक संघर्ष, अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का मजबूत नेतृत्व और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भारतीय राजनीति के इतिहास में सदैव याद की जाती रहेगी।
वहीं, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व और सरदार पटेल की राष्ट्रीय एकता की भावना आज भी प्रासंगिक है। दोनों महान नेताओं के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में पार्षद दीपक कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान संजय दुर्गापाल, पार्षद वैभव पांडे, पार्षद अनूप भारती सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
