Mon. Sep 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव के सकुशल एवं भव्य आयोजन को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। 18 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने गोवर्धन हॉल, मल्लीताल में नंदा देवी महोत्सव में ड्यूटी के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि मेला क्षेत्र में पुलिस की विजिबिलिटी स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। सभी अधिकारी और कर्मचारी बेहतर टर्नआउट के साथ ड्यूटी करें। मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मी मंदिर समिति के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं और आम जनता से शालीन व्यवहार सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि नंदा देवी महोत्सव आस्था और पर्यटन दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखते हुए क्राउड कंट्रोल पर विशेष ध्यान दिया जाए। ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और मोबाइल टीमें लगातार अलर्ट रहें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें।
मेला क्षेत्र में असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखने के साथ पुलिसकर्मियों को लगातार क्षेत्र में मूवमेंट करने के निर्देश दिए गए। वहीं अराजक और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, नियमित चेकिंग और फ्रिस्किंग करने को कहा गया।
मेला कंट्रोल रूम को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी के साथ डॉग स्क्वॉड, बीडीएस, अग्निशमन, ड्रोन और संचार टीमों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने अभिसूचना तंत्र को भी लगातार सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा।
यातायात व्यवस्था को लेकर निरीक्षक यातायात नैनीताल को मेला शोभायात्रा और कदली वृक्ष के नगर भ्रमण के दौरान सुगम यातायात के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को संचार व्यवस्था एवं मेला ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक सुनील सिंह बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी नैनीताल देवेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली मल्लीताल दिनेश चंद्र जोशी, प्रभारी सम्मन सैल मनोज नयाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।