जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल/बाजपुर जनपद नैनीताल पुलिस में तैनात आरक्षी पवन कुमार का 16 सितंबर की रात लंबी बीमारी के चलते उपचार के दौरान असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नैनीताल पुलिस समेत पूरे उत्तराखंड पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
आरक्षी पवन कुमार मूल रूप से ग्राम रामनगर, थाना बाजपुर, पोस्ट केलाखेड़ा, जनपद ऊधमसिंह नगर के निवासी थे। उन्होंने करीब 20 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। उनकी भर्ती 13 अप्रैल 2006 को उत्तराखंड पुलिस में हुई थी।
आरक्षी के निधन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत समस्त नैनीताल पुलिस परिवार ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। एसएसपी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पुलिस विभाग परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। आश्रितों को प्राथमिकता के आधार पर हरसंभव विभागीय सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी देयकों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
17 सितंबर को पैतृक गांव रामनगर, बाजपुर में दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार एवं शोक सलामी के दौरान क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार, थाना प्रभारी केलाखेड़ा मनीष खत्री सहित नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपद के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा दिवंगत आरक्षी के परिजन मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षी पवन कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नैनीताल पुलिस परिवार ने कहा कि पुलिस विभाग के प्रति उनकी निष्ठावान सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा।