Sat. Jul 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखण्ड क्रांति दल (यूकेडी) जनपद अल्मोड़ा की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, आगामी चुनावों की रणनीति तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि ऑफलाइन सदस्यता अभियान के तहत अब तक करीब 8,500 नए सदस्य संगठन से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में यूकेडी की नीतियों और जनसरोकारों को लेकर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिससे संगठन को मजबूती मिल रही है।
बैठक में सर्वसम्मति से पान सिंह लटवाल को यूकेडी अल्मोड़ा का जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान की उम्मीद जताई।
इस दौरान आगामी चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति बढ़ते जनसमर्थन और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक संकेत बताया।
बैठक में वर्ष 2001-02 से लंबित पुलिस ग्रेड पे ₹4600 की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन दोहराया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई को अल्मोड़ा से बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। इसी अवसर पर संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को पुलिस कर्मियों की मांगों सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी ने किया। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष पंकज सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, जिला युवा अध्यक्ष रघुवर भाकुनी, युवा केंद्रीय संगठन मंत्री नरेश सिंह बिष्ट, युवा जिला महामंत्री रवि नेगी, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को और गति देने तथा उत्तराखण्ड के जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष जारी रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया।