Sat. Jul 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात का अल्मोड़ा पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन (हथौड़ा) और चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार करीब दो माह पुरानी रंजिश इस खूनी वारदात की वजह बनी।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को चौकी मजखाली क्षेत्र के ग्राम ऐना में एक युवक की हत्या तथा दो महिलाओं के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह तथा सीओ रानीखेत भावना कैंथोला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
11 जुलाई को मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में एफआईआर संख्या 18/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 एवं 109 में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी तथा बीच-बचाव करने आई उसकी मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर हथौड़े और धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। दोनों घायल महिलाओं का उपचार चल रहा है।
एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा (35 वर्ष), निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत को एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि लगभग दो माह पहले एक शादी समारोह में उसके दोस्त और मृतक पक्ष के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। उसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरुण राज टम्टा तथा होमगार्ड आनंद सिंह शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।