Sun. Jul 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी नैनीताल पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान और बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप भी बरामद किए हैं। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।



पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह ने अपने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले, तांबे के बर्तन और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दिन सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर कॉपर पाइप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों मामलों का खुलासा कर लिया। पुलिस ने रितिक बिष्ट उर्फ गोलू (25), निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल (30), निवासी फूलबट्टा, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने हेमंत सिंह के घर से चोरी हुआ 42 इंच का एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, दो झूले, तांबे की आचविन और हैवेल्स सीलिंग फैन बरामद किया। वहीं बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप भी बरामद कर लिए गए हैं।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार रितिक बिष्ट के खिलाफ अल्मोड़ा और हल्द्वानी में चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।