Mon. Jul 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी तीनपानी बाईपास पुल पर हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना, जिसमें स्कूटी सवार चार लोगों की जान चली गई थी, के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों का गहन अध्ययन किया। उन्होंने अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 11 जुलाई 2026 की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) ने तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद एसपी क्राइम/यातायात और एसपी सिटी हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।
सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए दोनों वाहनों की दिशा, सड़क की स्थिति, पुल के घुमाव और अन्य तकनीकी पहलुओं का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के प्रत्येक पहलू का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों का वैज्ञानिक परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम सुझाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस हादसे से समाज, वाहन चालकों और पुलिस व्यवस्था सभी को सीख लेने की जरूरत है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन और सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाती रहेगी।