जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
देहरादून पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस गोपाल भट्ट ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राष्ट्रव्यापी अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम प्रदेश और देश के छात्रों एवं युवाओं की समस्याओं और आकांक्षाओं को प्रमुखता से उठाने का मंच बनेगा।
गोपाल भट्ट ने कहा कि देश का युवा वर्तमान समय में बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कारणों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और युवाओं का सरकार पर भरोसा कमजोर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब युवा केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जवाब चाहता है।
उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं की भेंट चढ़ गया। ऐसे में युवाओं की आवाज़ लोकतांत्रिक तरीके से उठना आवश्यक है।
गोपाल भट्ट के अनुसार, 17 जुलाई का “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर संवाद का मंच होगा। इस दौरान राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनेंगे।
उन्होंने उत्तराखंड के सभी जिलों के छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और बेरोजगार युवाओं से 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाने की अपील की।
गोपाल भट्ट ने कहा कि यह संघर्ष हर उस युवा का है जो मेहनत और योग्यता के आधार पर अपना भविष्य बनाना चाहता है तथा रोजगार और सम्मान की मांग कर रहा है।
