जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 14 जुलाई। क्वारब बाईपास मोटर मार्ग पर हाल ही में हुई अतिवृष्टि और भूस्खलन के बाद उत्पन्न संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनसुरक्षा के मद्देनज़र संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मार्ग को भू-वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील पाया गया।
निरीक्षण में सामने आया कि क्वारब बाईपास से भारी एवं ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही हो रही है, जिससे ढालों की स्थिरता प्रभावित होने और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। इस पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और संभागीय परिवहन अधिकारी को संयुक्त टीम तैनात कर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा है।
निरीक्षण के दौरान भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में यूपीसीएल का एक विद्युत पोल भी गंभीर जोखिम की स्थिति में मिला। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल को पोल का तत्काल तकनीकी परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उसे प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूस्खलन या भू-धंसाव की स्थिति में पोल क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ जन-धन की हानि और राहत-बचाव कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी संजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
