जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर से सटे कर्नाटक खोला, सरकार की आली और रेलापाली क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित लिंक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क की कटिंग का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि सड़क बनने के बाद आवागमन आसान होगा और स्वास्थ्य, शिक्षा तथा कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं बेहतर होंगी।
पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने सड़क निर्माण की प्रगति पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से वह इस लिंक मोटर मार्ग की मांग लगातार उठाते रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में स्वीकृति दिए जाने के बाद अब परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि यह सड़क केवल संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की आधारशिला साबित होगी। सड़क बनने से कर्नाटक खोला, सरकार की आली, रेलापाली सहित आसपास की बड़ी आबादी को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। किसान अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी समय पर उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि सड़क सुविधा के अभाव में वर्षों तक क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विशेषकर बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता था। बरसात के दौरान हालात और अधिक कठिन हो जाते थे।
बिट्टू कर्नाटक ने संबंधित विभाग से शेष निर्माण कार्य भी जल्द और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की मांग की। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही सड़क जनता को समर्पित कर दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में आई तेजी पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बिट्टू कर्नाटक का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस दौरान हयात सिंह बिष्ट, कमलेश कर्नाटक, हिमांशु कनवाल, सुधीर वाल्मीकि, दिनेश कुमार, आशु रौतेला, अमर बोरा, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता, अनिल जोशी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
