जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा शहर की मुख्य लोअर माल रोड स्थित पानी की टंकी पर मंगलवार दोपहर एक युवक के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवक को टंकी के ऊपरी हिस्से पर बैठा देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक टंकी पर चढ़ गया और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। इस दौरान करीब एक घंटे तक मौके पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिसकर्मियों ने लगातार युवक को समझाने का प्रयास किया और धैर्यपूर्वक बातचीत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
घटना के दौरान लोअर माल रोड पर लोगों की भीड़ लगी रही और प्रशासन व पुलिस महकमे में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल युवक के टंकी पर चढ़ने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
