Fri. Jul 17th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शुक्रवार को देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में नगर निगम अल्मोड़ा में पिछले 27 दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन तथा पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
इस दौरान यूकेडी नेता विनय किरौला ने कहा कि एक ओर सरकार नगर पालिकाओं का उच्चीकरण कर नगर निगम बना रही है, वहीं दूसरी ओर निगमों के बुनियादी कर्मचारियों को अपनी मूलभूत जरूरतों के लिए आमरण अनशन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर की सफाई और सौंदर्यीकरण की पूरी जिम्मेदारी निभाने वाले पर्यावरण मित्रों और ठेका प्रथा के तहत कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल संविदा पर रखा जाए तथा नियमितीकरण होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए।
जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि वर्षों से नगर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे पर्यावरण मित्रों के लिए बेहतर आवास की व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आवंटित आवासों की स्थिति अत्यंत जर्जर है, इसलिए सरकार को शीघ्र नए और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने चाहिए।
समर्थन कार्यक्रम में यूकेडी के जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, नेता विनय किरौला, महामंत्री देवेश जोशी, उपाध्यक्ष पान सिंह लटवाल, सुजीत टम्टा, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष चंदन सिंह मुस्युनी, संयुक्त सचिव त्रिलोक लटवाल, नगर अध्यक्ष मोहित साह, अक्षय टम्टा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।