जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को क्वारब स्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि क्वारब स्लाइड जोन पूरे कुमाऊं के लिए अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद आयुक्त ने क्वारब बाईपास मार्ग का भी जायजा लिया और शेष निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाईपास के तैयार होने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
आयुक्त ने क्षेत्रवासियों और यात्रियों से बरसात के मौसम में प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
