Sat. Jul 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से कोषागार में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर प्रत्येक व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में बताया गया कि जिले के अल्मोड़ा इंटर कॉलेज, एडम्स इंटर कॉलेज और रैमजे इंटर कॉलेज में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम प्रश्नपत्र सामान्य योग्यता एवं बुद्धिमत्ता सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन, निबंध एवं बोधगम्यता दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगा।
बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।