Sat. Jul 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में रानीखेत की दो प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं और रुद्रपुर में बनने वाले ऊधमसिंहनगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन की समीक्षा की। उन्होंने दोनों परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में रानीखेत के गैस गोदाम–आशियाना पार्क और रोडवेज स्टेशन के पास प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग योजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय समीक्षा की गई। गैस गोदाम क्षेत्र में प्रस्तावित चार मंजिला पार्किंग में 59 वाहनों की पार्किंग के साथ महिला एवं पुरुष शौचालय की व्यवस्था होगी। वहीं रोडवेज स्टेशन के निकट बनने वाली दूसरी पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया वाहनों सहित कुल 154 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, राजस्व मॉडल और पार्किंग अनुपात का विस्तृत परीक्षण कर संशोधित प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सचिव ने रुद्रपुर के ग्राम कल्याणपुर में निर्माणाधीन ऊधमसिंहनगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन की भी समीक्षा की। करीब 18.01 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसमें सोलर ऊर्जा प्रणाली, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पर्याप्त पार्किंग और लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं होंगी। परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 50 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 20 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि रानीखेत जैसे पर्यटन और व्यापारिक नगरों में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में जाम की समस्या कम होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने रुद्रपुर में बन रहे नए कार्यालय भवन को आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।


You missed