Sat. Jul 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार, अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण  2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग सुनिश्चित करना रहा।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, अब तक की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के अद्यतन के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है। साथ ही विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं के सत्यापन, आवश्यक अभिलेखों की जांच तथा विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया से भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 14 जुलाई, 2026 को प्रकाशित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदेय स्थलवार आलेख निर्वाचक नामावली, ड्राफ्ट सर्विस वोटर सूची तथा मतदेय स्थलवार सूचियों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई, जिससे वे अपने स्तर पर मतदाता सूची का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव एवं दावे-आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें।

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को गंभीरता से लेते हुए सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का आधार है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर अभिलेखों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।