जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
बागेश्वर उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की स्कूल जाते समय बीच रास्ते में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विद्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक (क्लर्क) नवल किशोर सोराड़ी पर हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले से घात लगाकर प्रभारी प्रधानाचार्य पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वरिष्ठ सहायक पिछले करीब चार महीने से वेतन न मिलने और विभागीय कार्रवाई से नाराज था। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा विस्तृत जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से शिक्षा विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
