Sat. Jul 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जनपद देहरादून में आगामी दिनों के लिए भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। 20 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागाध्यक्षों, विभागीय नोडल अधिकारियों और क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) को 24 घंटे सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले का समूचा आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, 20 जुलाई को रेड अलर्ट तथा 21 जुलाई को फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जिले के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि भूस्खलन और जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर मानव संसाधन, जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव उपकरण तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को उपलब्ध कराई जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति की लगातार निगरानी करें, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक रूप से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की ओर न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें।