जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
जिलाधिकारी अंशुल सिंह की पहल पर रविवार देर रात मल्ला महल में फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की लाइव स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी, युवा और आम नागरिक पहुंचे। विशाल एलईडी स्क्रीन पर विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबले का रोमांच साझा करते हुए देर रात तक आयोजन स्थल पर उत्साह और खेल भावना का माहौल बना रहा।
मैच के दौरान दर्शकों ने अपनी-अपनी पसंदीदा टीम का जोरदार समर्थन किया। हर गोल, शानदार बचाव और रोमांचक पल पर तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया। आयोजन स्थल पर एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी दर्शकों ने मैच का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जिले के फुटबॉल प्रेमियों को एक साथ विश्वस्तरीय मुकाबले का आनंद लेने का अवसर देना और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने वाले ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
