जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
जनपद में मानसून को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर मानसून की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें तथा तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीमें हर समय सक्रिय रहें।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों, लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों को नालियों की नियमित सफाई, सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई तथा संवेदनशील और खतरनाक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर बिजली के खंभों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय टीमों और एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं जल संस्थान और जल निगम को पेयजल की गुणवत्ता एवं नियमित आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
