Tue. Jul 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा के कर्नाटक खोला स्थित प्राचीन चिन्त्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुदर्शन शाखा जाखन देवी की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और बढ़ते प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के महत्व पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में मोहन चंद्र पांडे, गौरव कर्नाटक, पूर्व सैनिक नरेंद्र सिंह बिष्ट, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, नीरज मिश्रा, सुमित बिष्ट, कृष्णा जलाल, मानस बगडवाल, कार्तिक बगडवाल, दीपांशु मेहरा, प्रियांशु मेहरा, आयुष्मान गुरुरानी सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


You missed