Wed. Jul 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने दिल्ली में परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अपने भविष्य की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। ऐसे में सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर बल प्रयोग नहीं करना चाहिए।
भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि छात्र अपने भविष्य की चिंता को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में उन पर लाठियां चलाना लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं, अपराधी नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और सुरक्षित भविष्य का भरोसा देने में विफल रही है। जब छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो सरकार संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपनाती है, जो लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
जिलाध्यक्ष ने मांग की कि दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और छात्रों की परीक्षा संबंधी मांगों पर केंद्र सरकार तत्काल संवाद शुरू करे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनकी न्याय की लड़ाई को पूरी ताकत से आगे बढ़ाएगी।