Wed. Jul 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा, 21 जुलाई। जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में जनपद में पर्यटन विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्यटकों के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन स्थलों के विकास तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में नगर क्षेत्र में पर्यटकों और आमजन की सुविधा के लिए दो सामुदायिक शौचालयों के निर्माण एवं विकास हेतु 5-5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा के प्रस्ताव पर पिनाथ ईको ट्रेक के विकास को मंजूरी देते हुए वन विभाग को 10 लाख रुपये आवंटित किए गए। इस राशि से ट्रेक पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे साहसिक और प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बैठक में अल्मोड़ा नगर की ऐतिहासिक एवं प्राचीन बाजार के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मल्ला महल कैफे एवं म्यूजियम के संचालन की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कर इसका संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मल्ला महल अल्मोड़ा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जिसके संचालन से पर्यटकों को जनपद की समृद्ध विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।