जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद में दर्ज पांच साइबर ठगी के मामलों का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने झारखंड और राजस्थान से दो शातिर अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की वारदातों में वांछित थे।


पुलिस के अनुसार, थाना दन्या, कोतवाली रानीखेत और कोतवाली सोमेश्वर में दर्ज पांच मामलों में पीड़ितों से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, भुगतान कराने और गूगल पे के माध्यम से झांसा देकर कुल लाखों रुपये की ठगी की गई थी। मामलों की विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण, सर्विलांस और राज्यों के बीच समन्वय के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पहले आरोपी चंदन कुमार यादव निवासी देवघर (झारखंड) को 18 जुलाई 2026 को देवघर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार उसने अल्मोड़ा के चार मामलों में करीब 2.48 लाख रुपये की ठगी की थी और वह उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों में भी साइबर अपराधों में वांछित था। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक वनप्लस मोबाइल फोन बरामद किया गया।
दूसरे आरोपी राहुल कुमार बैरवा निवासी दौसा (राजस्थान) को 17 जुलाई 2026 को राजस्थान के बारा जिले से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि उसने अल्मोड़ा के एक मामले समेत कुल 9 मामलों में करीब 5.66 लाख रुपये की साइबर ठगी की थी। वह उत्तराखंड के अलावा असम, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और तमिलनाडु में भी वांछित था। उसके पास से एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने, किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर यूपीआई पिन या ओटीपी साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।