जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 21 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभागार अल्मोड़ा में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में जिला जनगणना पुस्तिका तैयार किए जाने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अल्मोड़ा और सोमेश्वर तहसील के राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारी) तथा चार्ज अधिकारियों (तहसीलदारों) ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना पुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों, ग्राम एवं नगरीय क्षेत्रों से संबंधित आंकड़ों के संकलन, सत्यापन और अभिलेखीकरण की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि जिला जनगणना पुस्तिका जनपद की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक स्थिति का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने सभी राजस्व उपनिरीक्षकों और चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध, सटीक और समयबद्ध आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
