जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
जिला आबकारी कार्यालय में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड कक्ष और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को हर समय सुचारु रूप से संचालित रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को बायोमेट्रिक प्रणाली के संचालन की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने रिकॉर्ड कक्ष में रखे सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके। साथ ही कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखते हुए स्वच्छ और व्यवस्थित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों के क्षेत्रीय भ्रमण का समुचित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय में भ्रमण पंजिका तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फील्ड भ्रमण का विवरण नियमित रूप से पंजिका में दर्ज किया जाए, जिससे क्षेत्रीय गतिविधियों का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
