Tue. Jul 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 21 जुलाई 2026। जिला सूचना कार्यालय, अल्मोड़ा में मंगलवार को अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार के जनपद पिथौरागढ़ स्थानांतरण पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय पत्रकारों ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए अल्मोड़ा में उनके उत्कृष्ट कार्यकाल को याद किया।


इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि सुंदर कुमार ने अपने पूरे कार्यकाल में निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कार्यालय की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाया। उन्होंने विश्वास जताया कि पिथौरागढ़ में भी वे अपनी कार्यकुशलता और सकारात्मक सोच से विभाग का नाम रोशन करेंगे।

अपने संबोधन में सुंदर कुमार ने अल्मोड़ा में बिताए गए समय को यादगार बताते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में मिला स्नेह, सहयोग और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा तथा वे इन यादों को हमेशा संजोकर रखेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने भी सुंदर कुमार के सरल, सौम्य और सहयोगी स्वभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका सहज व्यवहार और मीडिया के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण हमेशा याद रखा जाएगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार के गंभीर, सरल एवं सादगीपूर्ण व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके द्वारा मिले सहयोग, स्नेह और आत्मीय व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया। परिवार ने उनके आगामी कार्यकाल के सफल, गौरवपूर्ण एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।