जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अधिवक्ता कवीन्द्र पन्त ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा एवं लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियन्ता से मुलाकात कर कलेक्ट्रेट रोड के चौड़ीकरण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए वह लंबे समय से शासन और प्रशासन स्तर पर लगातार प्रयासरत रहे, जिसके बाद कार्य शुरू हो सका।
इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में कोषागार और तहसील के समीप स्थित वेटिंग एरिया में आम नागरिकों के सामान रखने के लिए अलमारियां उपलब्ध कराने पर भी जिलाधिकारी का धन्यवाद दिया। इसके लिए उन्होंने जून माह में ज्ञापन देकर मांग उठाई थी।
कवीन्द्र पन्त ने मई माह में दिए गए ज्ञापनों का उल्लेख करते हुए कलेक्ट्रेट रोड के प्रारंभ में बने अस्थायी मलवा निस्तारण स्थल पर सामुदायिक स्थल विकसित करने, जिला न्यायालय परिसर के पास निर्मित वाहन पार्किंग को टीन शेड से आच्छादित करने तथा जजी, विकास भवन और कलेक्ट्रेट को जोड़ने वाले पैदल सीढ़ीदार मार्गों के सुधारीकरण एवं दो नए सीढ़ीदार मार्गों के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग दोहराई। जिलाधिकारी ने इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा उन्होंने जिलाधिकारी, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियन्ता को ज्ञापन सौंपकर अघार–मटेला–रैखलधार, शीतलाखेत–स्याहीदेवी तथा खूंट–महारूद्रेश्वर सड़कों के वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को पूरा करने और इन मार्गों का शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग की।
अधिवक्ता कवीन्द्र पन्त ने राज्य परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड शासन की जनवरी 2025 की अनुमति के अनुरूप शिखर होटल तिराहे से धारानौला तक ई-रिक्शा संचालन शुरू कराने तथा शहर के अन्य मार्गों पर भी इसका विस्तार करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने धारानौला से सिटी बसों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए भी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने जिलाधिकारी, महापौर और नगर आयुक्त से रानीधारा रोड के संबंध में भी चर्चा करते हुए सड़क पर सुरक्षा रेलिंग लगाने और नालियों की क्षतिग्रस्त जालियों को बदलने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
