जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 25 जुलाई 2026। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने शनिवार सुबह 8:44 बजे आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र, अल्मोड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि कार्यालय में कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा उपस्थिति पंजिका में भी सभी कार्मिक नियमित रूप से हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। इस पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यालय के सभी कार्मिकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा उपस्थिति पंजिका का विधिवत संधारण कराया जाए। उन्होंने कार्यालय में शीघ्र बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कार्मिकों की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि कार्यालय में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
