जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को पातालदेवी स्थित अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह की उत्पादन इकाई का निरीक्षण कर महिला बुनकरों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उनके कार्यों का अवलोकन किया, समस्याएं सुनीं और हस्तकरघा उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस इकाई में पहले हिमाद्रि हंस हैंडलूम के नाम से कार्य होता था, जो अब अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह के रूप में संचालित हो रही है। यहां करीब 20 महिला बुनकर पारंपरिक हस्तकरघा उत्पादों का निर्माण कर रही हैं।
महिला बुनकरों ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर होने के बावजूद उन्हें विपणन और उपयुक्त बाजार उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
इस पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को विभिन्न मेलों, प्रदर्शनियों और अन्य विपणन प्लेटफार्मों से जोड़ा जाए, ताकि महिला बुनकरों की आय बढ़े और स्थानीय हस्तकरघा उद्योग को भी प्रोत्साहन मिले।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
