Sat. Jul 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 25 जुलाई। जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित जेनेरिक दवाओं के स्थान पर अन्य ब्रांडेड दवाओं की बिक्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं को जांच पूरी होने तक सील कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया और जन औषधि (जेनेरिक) तथा अन्य ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची तैयार कर खरीद और उपलब्धता के अभिलेखों का मिलान करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं के स्टॉक, खरीद और वितरण से जुड़े सभी रिकॉर्ड की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्र के संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अस्पताल प्रशासन को नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र का संचालन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अस्पताल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।