Mon. Jul 27th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 27 जुलाई जनपद अल्मोड़ा के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 42 नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कंधों पर भावी पीढ़ी के निर्माण की जिम्मेदारी है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उन अग्रणी राज्यों में शामिल है जहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा पहुंचाना है।
डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी सरकारी विद्यालय को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में केवल एक छात्र भी अध्ययनरत होगा, तब भी वहां विद्यालय संचालित रहेगा। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 22 हजार विद्यालयों में शौचालयों के निर्माण सहित आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों के पुनर्वास और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर छात्रावास स्थापित किए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने डायट परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, ललित लटवाल, डायट के प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवनियुक्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।