जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हरिद्वार उत्तराखंड में हाल ही में सामने आए कथित पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को हरिद्वार में सुराज सेवा दल ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से रानीपुर मोड़ से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक “युवा न्याय यात्रा” निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में युवा, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ नारेबाजी की तथा भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों की मेहनत लगाते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक और भर्ती घोटाले उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि NEET पेपर लीक प्रकरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया, तो उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को भी अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सपनों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे पेपर लीक रैकेट का खुलासा कर दोषी अधिकारियों और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक सुराज सेवा दल का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी भर्ती घोटालों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से इस्तीफा लेने की मांग की गई।
