Mon. Jul 27th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

सोमेश्वर/अल्मोड़ा, 27 जुलाई। ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठान में सोमवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिभाग किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में आयोजित 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देव परंपराएं और जागर जैसे धार्मिक अनुष्ठान हमारी सांस्कृतिक पहचान और आस्था के मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव और श्री हरज्यू देव की परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को सत्य, न्याय और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, जिसे संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोक परंपराएं सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त बनाने का कार्य करती हैं तथा ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने आयोजन समिति, ग्रामवासियों और क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कामना की कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे और उत्तराखंड विकास, शांति एवं समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
कार्यक्रम में स्याही देवी मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।