Wed. Aug 5th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों की जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकार हितों, पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा पत्रकारों के समक्ष आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विभागवार पत्रकार सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विभागवार प्रेस वार्ताओं की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी नियमित रूप से मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान पत्रकार उत्पीड़न से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों से संबंधित सभी मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकार जहां प्रशासन को जमीनी हकीकत से अवगत कराते हैं, वहीं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में सेतु का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पत्रकारों के सुझावों का सम्मान करता है और जनहित के कार्यों में मीडिया के सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा रखता है।
बैठक में स्थायी समिति के सदस्य प्रकाश पांडे, राजेंद्र सिंह रावत, सुरेश चंद्र तिवारी, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र तथा जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह उपस्थित रहे।


You missed