Wed. Jul 29th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) अल्मोड़ा श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में मंगलवार को “सुरक्षित दवा–सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत धारानौला बाजार एवं आसपास स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी तथा अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) अनिल कुमार मिश्रा शामिल रहे। टीम ने मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी दवाओं की विशेष रूप से जांच की और दवाओं के सुरक्षित भंडारण एवं बिक्री व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दवा विक्रेताओं को नियमानुसार कैश मेमो संधारित करने, एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग लेबलयुक्त बॉक्स बनाने, प्रत्येक ग्राहक को बिल उपलब्ध कराने, एक्सपायरी दवाओं का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा मेडिकल स्टोरों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि जनहित और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।