जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड में गोवंश संरक्षण एवं गौमाता को “राज्य माता” घोषित किए जाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ को अल्मोड़ा जनपद में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत नागरिकों ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।
अभियान के संयोजकों ने बताया कि ज्ञापन में उत्तराखंड में देशी गोवंश की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने, गौमाता को “राज्य माता” का दर्जा देने, गो-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रधन के सम्मान के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग की गई है।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं, गौसेवकों और आम नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि गोवंश केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण आधार है।
अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों का समर्थन जुटाया जाएगा। इसके बाद एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को प्रेषित किया जाएगा।
इस अवसर पर दयाकृष्ण काण्डपाल, कामिनी कश्यप, हरीश चन्द्र लोहनी, भगवती प्रसाद पांडे, हरीश चिलवाल, संजय विद्यार्थी, नारायण सिंह जीना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
