जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नई दिल्ली/अल्मोड़ा वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सांसद अजय टम्टा से शिष्टाचार भेंट कर कुमाऊँ क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में कुमाऊँ मंडल के राष्ट्रीय राजमार्गों के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं, अल्मोड़ा बायपास निर्माण तथा क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बिट्टू कर्नाटक ने अल्मोड़ा सहित विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों की वर्तमान स्थिति से केंद्रीय राज्य मंत्री को अवगत कराते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान अल्मोड़ा नगर के प्रस्तावित बायपास निर्माण पर भी विशेष चर्चा हुई। बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि बायपास बनने से शहर में जाम की समस्या कम होगी, आम लोगों को राहत मिलेगी और पर्यटन व व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पर्वतीय राज्यों में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और उत्तराखंड की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक के बाद बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अल्मोड़ा और पूरे कुमाऊँ क्षेत्र से जुड़े सड़क एवं बायपास प्रस्तावों पर भी सकारात्मक पहल होगी, जिससे स्थानीय जनता को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जोत सिंह बिष्ट, भाजपा प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी तथा राजेश बिष्ट भी मौजूद रहे।
