Wed. Jul 29th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप चल रहे अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 4,71,938 मतदाताओं में से 98,529 मतदाताओं को विभिन्न प्रकार की विसंगतियों के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार जारी नोटिसों में द्वाराहाट में 16,962, सल्ट में 18,668, रानीखेत में 12,020, सोमेश्वर में 14,056, अल्मोड़ा में 19,266 तथा जागेश्वर में 17,557 मतदाता शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नोटिसों की सुनवाई के लिए जनपद के 949 मतदेय स्थलों पर व्यवस्था की गई है तथा 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AEROs) की तैनाती की गई है। सुनवाई का कार्यक्रम 29 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक विधानसभा क्षेत्रवार निर्धारित तिथियों पर संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जारी किए गए 98,529 नोटिसों में से 50,478 नोटिस बीएलओ के माध्यम से तामील कराए जा चुके हैं, जबकि शेष नोटिसों की तामील की प्रक्रिया जारी है। प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन कर निर्वाचक नामावलियों की शुद्धता सुनिश्चित की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित सुनवाई केंद्र पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें, ताकि निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
बैठक में कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह रावत उपस्थित रहे।