Wed. Jul 29th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों के मामलों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस बहुद्देशीय भवन, हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने की।
काउंसलिंग सत्र में ऐच्छिक ब्यूरो की सदस्य डॉ. नंदिता अरेकल, मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर डॉ. रश्मि पंत तथा अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा मौजूद रहे। महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी की प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर ने कुल 9 प्रकरण ब्यूरो के समक्ष प्रस्तुत किए, जिनमें दोनों पक्षों को सुनकर विस्तार से काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के बाद 4 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए, जबकि 2 मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर निस्तारण किया गया। वहीं 3 मामलों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय को अग्रसारित किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, उन्हें न्याय दिलाने तथा पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है। महिला ऐच्छिक ब्यूरो के माध्यम से ऐसे मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।