Sun. Aug 2nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा बावन सीढ़ी धारानौला के पास मुख्य गेट को बंद करने का मामला अब नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अब खुद नगर निगम के पार्षद भी खुलकर प्रशासन के खिलाफ मैदान में उतर आए हैं। विभिन्न वार्डों के पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने संयुक्त रूप से महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए गेट को तत्काल खोलने की मांग की है।
पार्षदों का कहना है कि नरसिंह बाड़ी, डूबकिया, राजपुर और नियाजगंज के हजारों लोगों के लिए बावन सीढ़ी का यह गेट वर्षों से मुख्य आवागमन का रास्ता रहा है। गेट बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और मरीजों को झेलनी पड़ रही है। लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। आपातकालीन स्थिति में यह फैसला गंभीर खतरा भी बन सकता है।
ज्ञापन में पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन से साफ कहा है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए बिना देरी गेट को दोबारा खोला जाए। उनका कहना है कि जिस रास्ते का वर्षों से लोग उपयोग करते आ रहे हैं, उसे अचानक बंद करना जनता की सुविधा के साथ खिलवाड़ है।
गौरतलब है कि बावन सीढ़ी गेट को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पहले स्थानीय नागरिकों ने आवाज उठाई, अब जनप्रतिनिधियों के भी खुलकर विरोध में आने से नगर निगम प्रशासन पर दबाव कई गुना बढ़ गया है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो यह विवाद और बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता है।